रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अखिल भारत हिंदू महासभा भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य एवं गरिमामय समारोह में देशभर से संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों का समागम हुआ। आध्यात्मिक वातावरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच संगठन ने कई महत्वपूर्ण दायित्वों की घोषणा भी की। इसी क्रम में मथुरा निवासी एवं अखिल भारत हिंदू महासभा के उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित संजय हरियाणा को संगठन के सनातन प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया।

समारोह में दिल्ली विधानसभा के सचेतक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय वर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। सभी ने हिंदू हृदय सम्राट, परम पूज्य जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण तमिलनाडु से आई सांस्कृतिक टीम की भरतनाट्यम प्रस्तुति रही। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने कलाकारों को पटुका एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
नवनियुक्त सनातन प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंडित संजय हरियाणा ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल श्रद्धा का पर्व नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा, संगठनात्मक एकता और राष्ट्रसेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देशभर से पदाधिकारी गुरु के सान्निध्य में आकर नई ऊर्जा प्राप्त करते हैं और समाज तथा संगठन के विस्तार के लिए नए उत्साह के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य करते हैं।
इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश प्रभारी विजय कृष्णा पांडे, उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रीकांत पांडे, गौतम बुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष रणवीर चौधरी, हरियाणा प्रदेश के संयोजक लोधी जग विजय वर्मा, बृजपाल राठी, डॉ. अरुण सिन्हा, डॉ. सोम प्रकाश, सुजीत सिंह सहित देश-विदेश से आए अनेक श्रद्धालु एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्मर्षि बी.के. शर्मा ने किया।
समारोह के समापन पर अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में देशभर में हनुमान चालीसा पाठ के व्यापक आयोजन का आह्वान किया। ठाकुर जी के प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।