रिपोर्ट: विजय नागपाल।
बलदेव। बीआरसी बलदेव पर चल रहे एफएलएन प्रशिक्षण के नए बैच का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षामित्र उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान भाषा और गणित की बुनियादी दक्षताओं के विकास, गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया तथा बच्चों में तार्किक और रचनात्मक सोच विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के संदर्भदाता एआरपी गीता रावत, खुशबू श्रीवास्तव, शुभम आंनद, लोकेश शर्मा और लक्ष्मण पांडेय ने शिक्षकों को एफएलएन मिशन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। सत्रों में नवीन शिक्षण तकनीकों, टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के प्रभावी उपयोग, कक्षा शिक्षण को रोचक बनाने तथा बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एआरपी गीता रावत ने बताया कि एफएलएन मिशन का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणना करने की बुनियादी क्षमताओं का विकास करना है। इसके लिए शिक्षकों को व्यवहारिक एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक विद्यालयों में नवाचार अपनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।