•लोड बढ़ाकर नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की शिकायत।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
बलदेव (मथुरा)। विकासखंड बलदेव के ग्राम श्रीनगर दघेंटा में कई दिनों से विद्युत ट्रांसफार्मर फुंका होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद बिजली विभाग अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदलवा सका है, जिससे पूरे गांव में बिजली आपूर्ति बाधित है।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है और छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है। गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर कम क्षमता का होने के कारण अधिक लोड पड़ने से बार-बार फुंक जाता है।
ग्रामीण गजेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी से फुंका हुआ ट्रांसफार्मर तत्काल बदलवाने तथा भविष्य में समस्या से बचाव के लिए अधिक क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।