राजपुर की शिकायत, बांके बिहारी की फोटो! नेचर ग्रीन पर फर्जी निस्तारण का आरोप।

Vijaydoot News

मृत गाय हटाने की शिकायत पर दूसरे स्थान की तस्वीर अपलोड करने का आरोप, स्थानीय लोगों ने जांच और कार्रवाई की उठाई मांग।

मथुरा/वृंदावन। मथुरा-वृंदावन नगर निगम की कार्यदायी संस्था नेचर ग्रीन पर शिकायतों के निस्तारण में गंभीर अनियमितता का आरोप लगा है। आरोप है कि राजपुर गुरुकुल क्षेत्र से संबंधित शिकायत का निस्तारण दर्शाने के लिए बांके बिहारी क्षेत्र की तस्वीर अपलोड कर अधिकारियों को गुमराह किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, राजपुर स्थित गुरुकुल परिसर में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक मृत गाय फेंक दी गई थी। इसकी शिकायत शनिवार को नगर निगम से की गई थी। शिकायत के बाद कार्यदायी संस्था की ओर से फोटो भेजकर दावा किया गया कि मृत गाय को हटाकर शिकायत का निस्तारण कर दिया गया है।

हालांकि, रविवार को जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मृत गाय को वहां से हटाया ही नहीं गया था, बल्कि उसे मिट्टी में दबा दिया गया था। बाद में कुत्तों द्वारा मिट्टी खोदने पर गाय का शव बाहर दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के निस्तारण के नाम पर जो फोटो भेजी गई, वह राजपुर गुरुकुल क्षेत्र की नहीं बल्कि बांके बिहारी क्षेत्र की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उपलब्ध फोटो और वास्तविक स्थल की स्थिति में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। इससे यह आशंका बलवती हो गई है कि बिना मौके पर कार्य किए ही शिकायत का निस्तारण दर्शाने का प्रयास किया गया।

मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की समीक्षा करने तथा यदि फर्जी निस्तारण की पुष्टि होती है तो कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सोमवार को नगर निगम को लिखित शिकायत भी सौंपी जाएगी।

वहीं, नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही का प्रतीत होता है। अधिकारियों के अनुसार, यदि जांच में अनियमितता या फर्जी निस्तारण की पुष्टि होती है तो संबंधित संस्था एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।