कांवड़ यात्रा की तैयारियों की डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश।

Vijaydoot News

कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा, पेयजल और यातायात प्रबंधन समय से पूरा करने के निर्देश।

मथुरा। सावन माह में आयोजित होने वाली पवित्र कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का महापर्व है तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्गों की साफ-सफाई, गड्ढामुक्त सड़क, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, जल निगम, स्वास्थ्य, परिवहन, पंचायती राज, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कांवड़ मार्गों से अतिक्रमण हटाने, नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से संपूर्ण कांवड़ मार्ग का पैदल निरीक्षण करने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने तथा सुचारु यातायात एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।