•रिफाइनरी क्षेत्र में वारदात, सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए बदमाश; पुलिस जांच में जुटी।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। रिफाइनरी सर्कल क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर के समीप एनएच-2 दिल्ली हाईवे स्थित एक अंग्रेजी शराब के ठेके में चोरों ने पीछे की दीवार काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश ठेके से ₹54,020 की नकदी, शराब तथा अन्य सामान लेकर फरार हो गए। वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे आसपास के लोगों ने ठेके के मैनेजर को सूचना दी कि ठेके की पिछली दीवार टूटी हुई है। सूचना मिलते ही मैनेजर मौके पर पहुंचे और अंदर जाकर देखा तो ठेके पर लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर गायब था। इसके अलावा एलईडी टीवी से भी छेड़छाड़ की गई थी।
स्टॉक और नकदी की जांच करने पर पता चला कि ठेके से शराब के साथ ₹54,020 की नकदी चोरी हो चुकी थी। इसके बाद ठेके के मालिक एवं मैनेजर ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी और थाना रिफाइनरी पुलिस को घटना की तहरीर सौंप दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा