‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के तहत केएम मेडिकल यूनिवर्सिटी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

Vijaydoot News

•विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ ली, प्रधानमंत्री का डिजिटल संबोधन भी हुआ प्रसारित।

मथुरा। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल मथुरा महानगर की ओर से ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत की आधारशिला’ अभियान के अंतर्गत केएम मेडिकल यूनिवर्सिटी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डिजिटल संबोधन भी प्रसारित किया गया, जिसे छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित अतिथियों ने सुना।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने विद्यार्थियों एवं चिकित्सकों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विश्व हिंदू परिषद के ब्रज प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि देश विरोधी शक्तियां युवाओं, विशेषकर नई पीढ़ी (Gen-Z), को नशे की लत लगाकर उन्हें कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नशे की प्रवृत्ति विकसित भारत और देश को विश्वगुरु बनाने की राह में एक बड़ी चुनौती है।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

इस अवसर पर बजरंग दल ब्रज प्रांत सह-संयोजक देवेंद्र, कोसी जिला अध्यक्ष रणवीर, केशव प्रखंड अध्यक्ष अमित, वृंदावन प्रखंड अध्यक्ष पवन तथा विश्व हिंदू परिषद मथुरा महानगर के जिला मंत्री डॉ. नितिन सहित अनेक पदाधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।