रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां। नगर की ऑफिसर कॉलोनी में रविवार को निर्माणाधीन मकान पर छत डालने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। छत निर्माण के लिए बीम पर चढ़ाई जा रही तीन भारी लोहे की गार्डर अचानक खिसककर नीचे गिर गईं, जिसकी चपेट में आने से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि उनके दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उन्हें फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, तांगड़ा निवासी गोपीचंद (72) ऑफिसर कॉलोनी स्थित अपने खेत पर रहने के लिए एक कमरे का निर्माण करा रहे थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे मजदूर छत डालने की तैयारी में लगे हुए थे। इसी दौरान बीम पर चढ़ाई जा रही तीनों भारी लोहे की गार्डर अचानक संतुलन बिगड़ने से एक साथ नीचे गिर गईं। उस समय गोपीचंद निर्माण कार्य की निगरानी करते हुए पास ही खड़े थे और सीधे गार्डरों की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गार्डरों को हटाकर गोपीचंद को बाहर निकाला गया। हादसे में उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर शरीर से अलग हो गए थे। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत लगातार गंभीर होती चली गई।
परिजन उन्हें तत्काल फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।