•मथुरा पुलिस ने 650 ग्राम सोना शत-प्रतिशत बरामद किया, मास्टरमाइंड समेत चार आरोपी दबोचे; कार, बाइक और मोबाइल भी जब्त।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। थाना हाईवे पुलिस, स्वाट टीम और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में बस में सफर कर रहे एक कंपनी एजेंट से करीब 80 लाख रुपये मूल्य के 650 ग्राम सोने की चोरी का सफल खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी गया पूरा सोना (650 ग्राम) बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त कार, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 24 जुलाई 2026 को बस यात्रा के दौरान कंपनी के एजेंट के बैग से 650 ग्राम सोने के आभूषण एवं अन्य सामान चोरी हो गया था। इस मामले में थाना हाईवे पर मुकदमा संख्या 731/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 एवं 317(2) के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाकलपुर बंबा के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपेंद्र सिंह (जिला धौलपुर, राजस्थान), संदीप सिंह (जिला मुरैना, मध्य प्रदेश), अभिषेक (जिला आगरा, उत्तर प्रदेश) और विष्णु सिंह (जिला आगरा, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े शातिर अपराधी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया 650 ग्राम सोना, घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार, एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में भी जांच कर रही है।