रिपोर्ट: अजमत अली।
कुदरहा (बस्ती)। कलवारी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत गायघाट स्थित पुलिस चौकी पर रविवार की शाम चेहल्लुम को लेकर शांति कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सदर हिमांशु गुप्ता ने की। बैठक में सभी वर्गों के सम्मानित नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार की रात 9 बजे से 12 बजे तक ताजियादार ताज़िये का जुलूस निकालेंगे। इसके बाद मंगलवार की शाम 4 बजे से 9 बजे तक जुलूस कर्बला पहुंचेगा, जहां शिन्नी-फ़ातिहा के बाद ताज़ियों को सुपुर्द-ए-खाक (दफन) किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम सदर हिमांशु गुप्ता ने कहा कि ताजियादार पूर्व निर्धारित रास्तों से ही जुलूस निकालें, ताकि किसी भी संभावित समस्या से समय रहते निपटा जा सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा फैलाई जाने वाली भ्रामक सामग्रियों और अफवाहों से सावधान रहने की अपील की।
वहीं, सीओ कलवारी बृजेश सिंह ने चेतावनी दी कि जुलूस में सौहार्द बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। उन्होंने अपील की कि यदि कोई माहौल खराब करने की कोशिश करे, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर नगर पंचायत गायघाट (अब्दुल कलाम नगर वार्ड) के सभासद मोहम्मद उस्मान, कमेटी अध्यक्ष सरफ़राज़ शाह, पूर्व प्रधान राजेंद्र प्रसाद लाला, सुरेश सोनकर, श्रीराम, सादिक अली, पवन कुमार और दीपक अग्रहरि सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।