लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विधान भवन, लखनऊ में विभिन्न आधुनिक एवं अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विधान परिषद मण्डप के सौंदर्यीकरण कार्य, विधान भवन के भूतल पर स्थित नवीनीकृत कॉरिडोर, विधान सभा के नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो तथा विधान परिषद की डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधान भवन परिसर में किए गए विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों का उपयोग लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यक्षमता, पारदर्शिता और जनसुलभता को और अधिक मजबूत बनाएगा।
विधान सभा में स्थापित नया पॉडकास्ट स्टूडियो जनप्रतिनिधियों, संसदीय गतिविधियों और महत्वपूर्ण विषयों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों से आमजन तक पहुंचाने में सहायक होगा। वहीं, विधान परिषद की डिजिटल लाइब्रेरी से सदस्यों को विधायी कार्यों से संबंधित दस्तावेजों, शोध सामग्री और संदर्भ पुस्तकों तक त्वरित एवं डिजिटल पहुंच उपलब्ध होगी।
इसके साथ ही विधान परिषद मण्डप के सौंदर्यीकरण और विधान भवन के नवीनीकृत कॉरिडोर से भवन की भव्यता और कार्यकुशलता में भी वृद्धि होगी। इस अवसर पर विधानमंडल के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।