•जन संवाद और सहमति से लागू हो कानून- रामजी पाण्डेय
बस्ती। रविवार को राष्ट्रीय सवर्ण शक्ति मोर्चा द्वारा सल्टौआ विकास खण्ड क्षेत्र के उमरा दसिया में आयोजित जन जागृति चौपाल में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं के भविष्य तथा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। सभा में मोर्चा के अध्यक्ष रामजी पाण्डेय ने कहा कि यूजीसी से संबंधित जिन नए प्रावधानों का विरोध किया जा रहा है, उन्हें बिना व्यापक जनसंवाद और सहमति के लागू किया गया, जिससे छात्रों, अभिभावकों और समाज के एक बड़े वर्ग में असंतोष व्याप्त है।
मुख्यवक्ता रामप्रताप सिंह ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार अनिश्चितता की ओर बढ़ रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों तथा उच्च शिक्षा में बार-बार किए जा रहे बदलावों ने छात्रों का विश्वास कमजोर किया है।
अमितेश प्रताप सिंह, यशवंत सिंह ‘रोलू’ अमरदीप पाण्डेय, जय सिंह राठौर ने मांग किया कि शिक्षा व्यवस्था को राजनीतिक प्रयोगों का माध्यम बनाने के बजाय छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
चौपाल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त करते हुए प्रेम शंकर राठौर आशीष सिंह ने कहा कि आम नागरिक को आज भी गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उन्होने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सीय सुविधाएं बढ़ाने तथा गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
मोर्चा ने ई-20 ( ई 20) पेट्रोल नीति सहित आम जनता को प्रभावित करने वाली विभिन्न नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी बड़े निर्णय को लागू करने से पहले उसके सामाजिक, आर्थिक और व्यावहारिक प्रभावों पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों पर अनावश्यक बोझ न पड़े।सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो संगठन प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाकर व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।
बैठक में उमरा खास के सेक्टर प्रभारी प्रेम शंकर राठौर, आशीष सिंह राठौर, नवीन दुबे, रवि सिंह, अभय देव शुक्ल, विनय सिंह, यशवंत सिंह रोलू, अवधेश मिश्रा, अमरदीप पाण्डेय, प्रमोद सिंह, संजय शुक्ल, अमितेष प्रताप सिंह, रवीन्द्र पाण्डेय, उदय प्रताप सिंह, त्रिवेणी पाण्डेय, सिद्धार्थ त्रिपाठी के साथ ही मोर्चा के सेक्टर प्रभारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।