•महादेवा विधानसभा क्षेत्र में वंदन यात्रा, समरसता संकल्प अभियान शुरू
बस्ती। रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में महादेवा विधानसभा क्षेत्र के महसो मण्डल के ग्राम पंचायत सोनूपार सें मिट्टी से भरे कलश के साथ वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान शुरू किया गया।
कार्यक्रम के जिला संयोजक भाजपा के जिला महामंत्री और साऊंघाट के ब्लाक प्रमुख अभिषेक कुमार ने बताया कि वंदन यात्रा का सोनूपार, मदारीपुर, साहूपार, सूसीपार, भरोहियाजोत, टिकरिया आदि स्थानों पर लोगों ने भव्य स्वागत किया। यह यात्रा महादेवा विधानसभा क्षेत्रों के सभी मण्डलों तक जायेगी।भाजपा नेता अभिषेक कुमार ने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने जीवनभर सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनका जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के सम्मान और उत्थान के लिए समर्पित रहा। यह अभियान समाज में समरसता, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने का माध्यम बनेगा। कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी उनके समय में थीं। उन्होंने जाति-पांति और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। भाजपा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।महसो मण्डल अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि यह वंदन यात्रा केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का जन-जागरण अभियान है। युवा पीढ़ी को संत रविदास के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता, राष्ट्रभक्ति और सेवा के भाव को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
इस अवसर पर सुनील पाण्डेय, चन्द्रशेखर मुन्ना, सतीश सोनकार, राजकुमार चौधरी, शशि भूषण तिवारी, प्रमोद गिरी, रवि श्रीवास्तव, अजय ठाकुर, त्रियुगीनरायन, शिवकुमार, गोपाल, सन्तोष, अर्जुन कन्नौजिया के साथ ही भाजपा के अनेक नेता और स्थानीय नागरिक शामिल रहे।