गोरखपुर। खजनी तहसील क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीसीएम चालक और खलासी की मौत हो गई। तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद हरनहीं अंडरपास को तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि इसकी तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, कानपुर के फतेहपुर से आ रही डीसीएम (यूपी-78 जेएन 4790) पर फॉर्च्यून कंपनी का माल लदा था। प्रारंभिक आशंका है कि चालक को सुबह के समय झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराने के बाद अंडरपास के नीचे जा गिरा।
सूचना मिलने पर हरनहीं चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से डीसीएम में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की उम्र करीब 45-46 वर्ष बताई जा रही है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीसीएम पर कानपुर जिले का पंजीकरण नंबर दर्ज है। पुलिस वाहन स्वामी से संपर्क कर मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
हरनहीं चौकी प्रभारी एसआई राजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित थाने को सूचना दे दी गई है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। परिजनों के आने के बाद ही उनकी पहचान की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।