•परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल, गांव में तनाव; आरोपियों की तलाश में दबिश।
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के बेला चौराहे पर शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी हमले में 9 वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने पुलिस पर पहले की शिकायत और घटना की सूचना के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, माधोपुर निवासी राजू सिंह ने करीब एक माह पूर्व अपनी बेटी से कथित छेड़खानी के मामले में कुछ लोगों के खिलाफ पिपराइच थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उस मामले में समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
शनिवार रात करीब नौ बजे राजू सिंह का 15 वर्षीय पुत्र शिवकुमार और उनके साढ़ू अरविंद सिंह का 9 वर्षीय पुत्र सरस सिंह बेला चौराहे की ओर जा रहे थे। सरस अपनी मां के निधन के बाद माधोपुर स्थित मौसी के घर रहकर पढ़ाई करता था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने दोनों किशोरों को घेर लिया और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए।
परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करने के बजाय समझौते का प्रयास करती रही। बाद में दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रविवार तड़के करीब दो बजे इलाज के दौरान 9 वर्षीय सरस सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि शिवकुमार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।घटना के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों का कहना है कि यदि छेड़खानी के मामले में समय रहते कार्रवाई की गई होती और घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल पहुंचकर सख्ती बरतती, तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
पुलिस ने बालक की मौत के बाद मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच जारी है।