डीएम का गो-आश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई व चारे की व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश।

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सोमवार को सेमरियांवा विकासखंड के गो-आश्रय स्थल जिगिना तथा बेलहर कला विकासखंड के गो-आश्रय स्थल भगौसा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों के स्वास्थ्य, चारा, पानी, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिगिना गो-आश्रय स्थल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने 14 गोवंशों को गो-आश्रय स्थल शिवापार में स्थानांतरित किए जाने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को दिए। निरीक्षण में तीन गोवंश बीमार पाए गए, जिनका पशु चिकित्सक द्वारा उपचार कराया जा रहा है। गौशाला में तीन केयरटेकर कार्यरत हैं

निरीक्षण के दौरान गो-आश्रय स्थल के समीप यूपी सिडको द्वारा निर्माणाधीन नाली की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को जांच टीम गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने गो-आश्रय स्थल के पीछे स्थित स्वास्थ्य केंद्र की खाली भूमि को गौशाला के उपयोग में लाने के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया। साथ ही खंड विकास अधिकारी को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के लिए कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने बेलहर कला विकासखंड स्थित गो-आश्रय स्थल भगौसा का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गोवंशों के स्वास्थ्य, भूसा, हरा चारा, पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गौशाला में छह केयरटेकर कार्यरत पाए गए।

निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसर में गोबर की खाद रखी मिली। इस पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि खाद को वन विभाग, उद्यान विभाग अथवा नर्सरी में उपलब्ध कराया जाए या आवश्यकता होने पर निजी व्यक्तियों को बेच दिया जाए।

साफ-सफाई में कमी मिलने पर जिलाधिकारी ने नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर एवं फिनायल से गौशाला की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही भगौसा गो-आश्रय स्थल के सामने स्थित बंजर भूमि की दो दिन के भीतर पैमाइश कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए संबंधित उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।