•जलाभिषेक कर भगवान शिव का लिया आशीर्वाद, श्रद्धालुओं की सुविधा, ट्रैफिक प्रबंधन और कानून व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पौराणिक बाबा तामेश्वरनाथ धाम शिव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। दोनों अधिकारियों ने भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर जनपदवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।





पूजा-अर्चना के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर का भ्रमण कर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन तथा कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिव भक्तों एवं कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें।
अधिकारीद्वय ने मेला ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें। साथ ही कांवड़ यात्रियों के मार्गों पर विशेष सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रद्धालु या कांवड़ यात्री की तबीयत खराब होती है अथवा कोई अप्रिय घटना घटती है तो तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही यातायात डायवर्जन योजना का कड़ाई से पालन कर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने जलाभिषेक के लिए बनाई गई कतारों, बैरिकेडिंग तथा रूट डायवर्जन व्यवस्था का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन दल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती तथा खोया-पाया केंद्र की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारियों को संवेदनशील रहते हुए श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता करने को कहा।
डीएम एवं एसपी ने मंदिर परिसर, पंडाल, पोखरा तथा आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
इस अवसर पर मेला ड्यूटी में तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।