•पप्पू यादव की प्रेस वार्ता में हंगामा, चप्पल फेंके जाने और मारपीट से मचा था बवाल।
रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। सांसद पप्पू यादव की एक प्रेस वार्ता के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक ने उनसे भगवान की मूर्ति को लेकर की गई उनकी कथित टिप्पणी पर सवाल पूछ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सवाल पूछे जाने पर पप्पू यादव ने युवक से उसकी पहचान पूछी। इसी बीच कार्यक्रम स्थल पर चप्पल फेंके जाने की घटना हुई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
हंगामे के दौरान पप्पू यादव के समर्थकों द्वारा दो युवकों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रेस वार्ता के दौरान पप्पू यादव ने मीडिया के सामने एक चाकू दिखाते हुए दावा किया कि यह चाकू उन्हें मारने के उद्देश्य से लाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई।
वहीं, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर-ईदगाह प्रकरण के याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पप्पू यादव की कथित टिप्पणी से सनातन धर्मावलंबियों की भावनाएं आहत हुई थीं। उनका कहना था कि यह घटना लोगों के आक्रोश का परिणाम है।
फिलहाल घटना को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा है। मामले की जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियां और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।