•सात दिन में कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी, अखिल भारतीय समता फाउंडेशन ने सौंपा ज्ञापन।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। अखिल भारतीय समता फाउंडेशन एवं महात्मा फुले विकास समिति के नेतृत्व में सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन कर एक दलित परिवार की भूमि पर कथित अवैध कब्जा हटाने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया।
संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि थाना गोवर्धन क्षेत्र के देवसेरस निवासी सुभाष जाटव की ग्राम मौजा चुरा हंसी, थाना राया, तहसील मांट स्थित खसरा संख्या-290 की भूमि पर कुछ लोगों ने जबरन कब्जा कर लिया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कब्जे का विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे रमेश सैनी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की। वहीं अखिल भारतीय समता फाउंडेशन के अध्यक्ष लुकेश कुमार राही ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की बात करती है, लेकिन इस मामले में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर पीड़ित को उसकी भूमि का कब्जा नहीं दिलाया गया और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा, जिसमें सभी वर्गों के लोग शामिल होंगे।
प्रदर्शन के दौरान सुभाष कुमार, एडवोकेट लक्ष्मी नारायण, कान्हा ठाकुर, रवि ठाकुर, एडवोकेट सचिन अग्रवाल, खूबीराम पंडित, मंजू, पूरन देवी, लक्ष्मी, भूरी, गुड्डी, सूरजपाल, विनोद, पिंटू, अनिल, सचिन, श्रीदेवी, सुनीता, ममता, सुमित, गुड्डू सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।