रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन उपलक्ष्य में वाराणसी से प्रारंभ हुई दिव्य कलश यात्रा का भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा मथुरा में श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया।




महानगर के धोली प्याऊ मंडल अंतर्गत चंद्रभान नगला स्थित प्राचीन चंदेश्वर महादेव मंदिर में भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव पावन कलश लेकर पहुँचे, जहाँ मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का आत्मीय अभिनंदन किया। इसके पश्चात गोपाल नगर से वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज का जीवन समरसता, समानता, मानवता और सामाजिक एकता का अनुपम संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह पावन कलश यात्रा गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाकर सामाजिक समरसता को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
धोली प्याऊ मंडल महामंत्री एवं पार्षद प्रतिनिधि धर्मेश चौधरी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और वाणी से समाज को प्रेम, भाईचारे, सेवा तथा समानता का मार्ग दिखाया। प्रत्येक व्यक्ति को उनके आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि यह पावन कलश यात्रा धोली प्याऊ मंडल से प्रारंभ होकर महानगर के सभी 12 मंडलों में भ्रमण करेगी। यात्रा के माध्यम से संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता, मानवता एवं सामाजिक सद्भाव के संदेश को घर-घर और जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
कलश यात्रा में जिला संयोजक ललित गौतम, सहसंयोजक दीपक गोला, अंकुर गुर्जर, मलय राठौर, पूजा चौधरी, योगेश, आभा, रामकिशन पाठक, जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, बलराम शर्मा, मंडल अध्यक्ष नितिन कौशिक, अजय सिंह राजावत, राकेश तोमर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं के जयघोष, भजन-कीर्तन और गुरु रविदास महाराज के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय, आध्यात्मिक एवं समरसता के भाव से ओत-प्रोत हो उठा।