•सीसीटीवी में कैद हुई घटना, जांच में पारिवारिक विवाद का मामला आया सामने।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां। नगर के बल्देवगंज क्षेत्र में रविवार शाम एक आठ वर्षीय बालक को कार में बैठाकर ले जाने की घटना से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसे अपहरण की घटना समझकर पुलिस को सूचना दे दी, जिससे पूरे नगर में बच्चे के अपहरण की अफवाह फैल गई। सूचना मिलते ही थाना कोसीकलां पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे बल्देवगंज क्षेत्र में एक कार पहले से खड़ी थी, जिसमें दो युवक मौजूद थे। इसी दौरान बाजार से खरीदारी कर अपनी मां के साथ घर लौट रहे आठ वर्षीय बालक को कार से उतरे एक युवक ने अपने साथ कार में बैठाया और वाहन लेकर वहां से चला गया। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और अपहरण की आशंका के चलते पुलिस को सूचना दे दी गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ सामने आया। जांच में पता चला कि बल्देवगंज निवासी मुरारीलाल अग्रवाल की पुत्री प्रीति अपने आठ वर्षीय पुत्र दक्ष और भतीजी के साथ बाजार से लौट रही थीं। प्रीति का विवाह करीब 13 वर्ष पूर्व बल्लभगढ़ निवासी दीपक मित्तल से हुआ था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है और प्रीति पिछले कई महीनों से अपने मायके में रह रही हैं।
आरोप है कि दीपक मित्तल अपने एक साथी के साथ कार लेकर मौके पर पहुंचा और घर के पास अपनी पत्नी से पुत्र दक्ष को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना को देखकर स्थानीय लोगों ने इसे अपहरण समझ लिया, जिससे नगर में अफवाह फैल गई।
घटना के बाद प्रीति ने थाना कोसीकलां में तहरीर देकर पति और उसके साथी के खिलाफ कार्रवाई तथा पुत्र की सकुशल वापसी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।