महंगाई, खाद संकट और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का महावन तहसील पर प्रदर्शन।

Vijaydoot News

जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, विभिन्न जनसमस्याओं को उठाया।

मथुरा। महंगाई, भ्रष्टाचार, किसानों को खाद की उपलब्धता, स्मार्ट मीटर और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महावन तहसील पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन से पहले कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता महावन स्थित पशु पेंठ पर एकत्रित हुए। इसके बाद सभी ने पैदल मार्च करते हुए तहसील पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आमजन, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त है और खरीफ सीजन में किसानों को यूरिया एवं डीएपी खाद के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है, इसके बावजूद पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

उन्होंने स्मार्ट मीटरों को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई उपभोक्ताओं से अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे पहले से महंगाई की मार झेल रहे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को भी उठाया और सरकार से इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही विभिन्न राजनीतिक घटनाक्रमों और छात्र आंदोलनों को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना की।

पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने भी अपने संबोधन में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए छात्र आंदोलनों और अन्य मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया।

प्रदर्शन में बलवीर प्रधान, हाकिम सिंह छोकर, शैलेंद्र चौधरी, टिंकू धनगर, राजा गौतम, राजकुमार तिवारी, राजेश सारस्वत, दीपक आर्य, मनोज गौड़, अप्रतिम सक्सैना, पुष्पेंद्र चौधरी, पीर मोहम्मद, विपुल पाठक, हारुन, सुखदेव चौधरी, नेम सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, अमित दीक्षित, दीपक दीक्षित, गौरांग अग्रवाल, हाशिम, करन निषाद, गीता दिवाकर, भगवान सिंह, दीपक सिंह, अजीम शाह, अनिल खरे, अमर प्रताप, शरीक कुरैशी, हुंकार सिंह, होरी लाल, कोमल सिंह, जितेंद्र धनगर, राजकुमार सिंह, ब्रज बिहारी लाल, दिलशाद खान, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।