सोशल मीडिया पर बदमाशी नहीं, शिक्षा और सकारात्मक कार्यों से बनाएं पहचान: अरुण चौधरी

Vijaydoot News

बिजनौर। सामाजिक कार्यकर्ता अरुण चौधरी ने जिले के युवाओं से सोशल मीडिया पर दिखावे और बदमाशी की प्रवृत्ति से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज के समय में कुछ युवा सोशल मीडिया पर अलग पहचान बनाने की होड़ में गलत रास्ता अपना रहे हैं, जिससे न केवल उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है बल्कि समाज में भी नकारात्मक संदेश जाता है।

अरुण चौधरी ने कहा कि युवावस्था जीवन का महत्वपूर्ण दौर है और इस समय का सही उपयोग शिक्षा, कौशल विकास और करियर निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके अच्छे चरित्र, शिक्षा और उपलब्धियों से बनती है, न कि दिखावे या असामाजिक गतिविधियों से।

उन्होंने युवाओं से अपने माता-पिता की उम्मीदों और सपनों का सम्मान करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचे। यदि समाज में अलग पहचान बनानी है तो शिक्षा, खेल, समाजसेवा या किसी सामाजिक अथवा राजनीतिक संगठन के माध्यम से सकारात्मक योगदान दें।

अरुण चौधरी ने कहा कि प्रत्येक युवा अपने परिवार के लिए अनमोल है। इसलिए अपने भविष्य, परिवार और सपनों को प्राथमिकता देते हुए सकारात्मक सोच और रचनात्मक कार्यों के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने विश्वास जताया कि सही दिशा में किया गया प्रयास ही युवाओं को सम्मान और सफलता दिला सकता है।