•घाटों, मंदिरों और प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश।
सीतापुर। लखनऊ परिक्षेत्र की आईजी किरन एस ने सोमवार को नैमिषारण्य तीर्थ का दौरा कर सावन मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान मंदिरों, घाटों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए तथा श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान आईजी किरन एस ने पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के साथ देवदेवेश्वर महादेव मंदिर एवं देवदेवेश्वर घाट का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, पुलिस ड्यूटी रोस्टर और विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण किया। तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
आईजी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके बाद आईजी और एसपी चक्रतीर्थ पहुंचे, जहां पुजारी राजनारायण पाण्डेय के सानिध्य में पूजन-अर्चन किया। तत्पश्चात शक्तिपीठ मां ललिता देवी मंदिर में पुजारी लाल बिहारी शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई और सावन मेले के शांतिपूर्ण एवं सकुशल संचालन की कामना की।
दौरे के दौरान आईजी किरन एस ने हाल ही में स्थापित नैमिषारण्य पर्यटन चौकी का भी निरीक्षण किया तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के समय पुलिस प्रशासन मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद दिखाई दिया।