•सड़क, पेयजल, चिकित्सा, बिजली, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश, अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के आदेश।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। सावन माह में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। ऐसे में प्रशासन का दायित्व है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ मार्गों की साफ-सफाई, गड्ढामुक्त सड़कें, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, जल निगम, स्वास्थ्य, परिवहन, पंचायती राज, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कांवड़ मार्गों से अतिक्रमण हटाने, नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कांवड़ मार्गों का पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।