रिपोर्ट : मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर/अहरौरा। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित कौशल विकास मिशन प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ बुधवार को चुनार विधानसभा क्षेत्र के सेमरा (भुडकुड़ा) स्थित एस.पी. एजुकेशनल स्कूल में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक (मिर्जापुर/सोनभद्र) के अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला महामंत्री हरिशंकर सिंह एवं भाजपा मंडल संयोजक सुरेश कुमार सिंह रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि जगदीश सिंह पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार के कौशल विकास मिशन से छात्र-छात्राओं और युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र पर कंप्यूटर शिक्षा, प्राथमिक स्वास्थ्य सहित विभिन्न तकनीकी विषयों का निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार द्वारा प्रशिक्षित कर्मियों की भी केंद्र पर तैनाती की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक युवक-युवतियां लाभान्वित हो सकें।
इस अवसर पर हाईस्कूल परीक्षा में जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा सुप्रिया पटेल को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
विद्यालय के संस्थापक सारनाथ सिंह ने मुख्य अतिथि का स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं विद्यालय प्रबंधक चंद्रमणि सिंह सचान ने सभी अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि टी.एन. सिंह का भी अंगवस्त्र से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक विमल कुमार सिंह रहे तथा संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवबालक सिंह ने किया। इस अवसर पर भाजपा नेता एवं बीडीसी राजेश कुमार पटेल, सतेंद्र कुमार सिंह, तेजबली सिंह, दयाराम यादव, हरदेव सिंह, संदीप कुमार सिंह, बृजेश सिंह, जोगेंद्र सिंह, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।