मयंक कुमार त्रिपाठी, संवाददाता।
औरैया। सहायल थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बरामद बाइकों में फिरोजाबाद, आगरा और एटा से चोरी हुई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायल थाना पुलिस मंगलवार को थुलपिया चौराहे के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम भैंसोडी की ओर से आ रहे दो युवकों को अलग-अलग मोटरसाइकिलों सहित घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। जांच में दोनों वाहन चोरी के निकले। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान प्रान्सू पुत्र अमरेश सिंह और लालू पुत्र अमर सिंह कुशवाह, निवासी ग्राम भैंसोडी, थाना सहायल के रूप में बताई।
पूछताछ में आरोपितों ने तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें गांव में छिपाकर रखने की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन और बाइक बरामद कर लीं। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों में एक फिरोजाबाद के जसराना, दूसरी आगरा के एत्मादपुर और तीसरी एटा कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी हुई थी, जबकि दो अन्य बाइकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपितों ने बताया कि वे विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उनकी नंबर प्लेट हटाकर या फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कम कीमत में बेच देते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सहायल थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई थाना प्रभारी रमेश सिंह, उपनिरीक्षक शकील अहमद व पुलिस टीम ने की।