केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को विकासखंड पौली की ग्राम सभा बगही स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर एवं उद्यान विभाग के अंतर्गत स्थापित हाईटेक नर्सरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली और अधिकारियों को हाईटेक नर्सरी के लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।



निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र के संपूर्ण परिसर का भ्रमण किया तथा उपस्थित वैज्ञानिकों से उनके कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्र पर बाजरे के ट्रायल का भी अवलोकन किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने हाईटेक नर्सरी का निरीक्षण किया। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024 में लगभग 1.09 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस हाईटेक नर्सरी का संचालन वर्तमान में पौली वेजिटेबल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में नर्सरी में लगभग 60 हजार पौधे तैयार हैं, जिनमें गोभी, मिर्च एवं शिमला मिर्च के पौधे शामिल हैं। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में यहां 6.05 लाख पौधों का उत्पादन किया गया, जिनका लाभ करीब 180 किसानों को मिला।
हाईटेक नर्सरी की उपयोगिता के संबंध में उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि इसके माध्यम से किसानों को रोग एवं कीटमुक्त, स्वस्थ तथा बेमौसमी सब्जियों के पौधे उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे उन्हें बेहतर उत्पादन और अधिक लाभ प्राप्त होता है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाईटेक नर्सरी के लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
निरीक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. सी.पी.एन. गौतम, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।