लखनऊ। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रदेशभर में 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक विशेष बिजली बिल समाधान कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिलेगा।
यूपीपीसीएल के अनुसार, कैंप में बिजली बिल संशोधन, नया विद्युत संयोजन, खराब मीटर बदलवाने, विद्युत भार वृद्धि, विधा परिवर्तन तथा अन्य बिल संबंधी शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके अलावा उपभोक्ता अपने मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी भी अपडेट करा सकेंगे।
कंपनी ने बताया कि प्रत्येक शिकायत का पंजीकरण 1912 हेल्पलाइन पर किया जाएगा, जिससे शिकायतों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके। जो उपभोक्ता कैंप या विद्युत कार्यालय नहीं पहुंच सकते, वे 1912 हेल्पलाइन, व्हाट्सएप और चैटबॉट के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
यूपीपीसीएल ने प्रदेश के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने निकटतम विद्युत कार्यालय या समाधान कैंप में पहुंचकर बिजली बिल एवं अन्य संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान कराएं और उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।