रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा/वृन्दावन। परमपूज्य गुरुदेव साकेतवासी आचार्य कृपाशंकर जी रामायणी महाराज की 18वीं पुण्यतिथि महामहोत्सव के अवसर पर मंगलवार को फोगला आश्रम, वृन्दावन में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की नवगठित धार्मिक समिति में मनोनीत अयोध्या की चार संत विभूतियों का भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।समारोह की अध्यक्षता मलूक पीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी राजेंद्र दास महाराज ने की।
समारोह में महन्त कमलनयनदास शास्त्री महाराज, जगद्गुरु रामानंददास जी महाराज, स्वामी राजकुमार दास महाराज तथा आचार्य मिथिलेशनन्दिनीशरण महाराज का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की धार्मिक समिति में इन संतों का मनोनयन सनातन परंपरा के लिए गौरव एवं सम्मान का विषय है।
इस अवसर पर श्री वामन भगवान महोत्सव समिति, मथुरा द्वारा भी सभी पूज्य संतों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। समिति के संरक्षक आचार्य मृदुलकांत शास्त्री, भागवताचार्य रमाकांत गोस्वामी, संस्थापक श्याम शर्मा, उपाध्यक्ष आशीष शर्मा एवं विजय शर्मा, महामंत्री अर्जुन पंडित तथा कोषाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने संतों को पुष्पमालाएं अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह में पूर्व ऊर्जा मंत्री रविकांत गर्ग, उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा, विश्व हिन्दू परिषद ब्रज प्रांत के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल, विश्व हिन्दू परिषद मथुरा महानगर अध्यक्ष गोकलेश गौतम, महानगर मंत्री नितिन चौधरी, अंशुल पाराशर, हिमांशु गौड़ सहित अनेक संत-महात्मा, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन श्रीगंगादास कृपाशंकर सेवा संस्थान श्री अयोध्या धाम द्वारा किया गया। संयोजक श्रीमद् जगद्गुरु पीपापीठाधीश्वर बलरामदेवाचार्य महाराज एवं समन्वयक आचार्य मृदुलकांत शास्त्री ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक श्रद्धा, आध्यात्मिक गरिमा और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। संतों के सम्मान के साथ समाज में धर्म, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने का संदेश भी दिया गया।