नकली पेड़ा-मिल्क केक का कथित नेटवर्क: लाखों रुपये की मिठाई नष्ट, ‘मास्टरमाइंड’ पर कार्रवाई की उठी मांग।

Vijaydoot News


मथुरा। जनपद में नकली पेड़ा एवं मिल्क केक के कथित कारोबार को लेकर एक बार फिर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की कार्रवाई और जांच पर सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में विभाग द्वारा लाखों रुपये मूल्य के कथित नकली पेड़ा और मिल्क केक को नष्ट किए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर इस पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।

कुछ लोगों का आरोप है कि कई वर्षों से मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नकली मिठाइयों की सप्लाई का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि धौलपुर की एक इंडस्ट्री से कथित रूप से पेड़ा लाकर मथुरा में सप्लाई की जाती है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा विभाग समय-समय पर छापेमारी कर नमूने एकत्र करता है और कार्रवाई भी करता है, लेकिन कथित तौर पर पूरे नेटवर्क का संचालन करने वाले लोगों तक जांच अभी नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि सप्लाई का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है तो उसके कथित संचालकों के विरुद्ध अब तक क्या कार्रवाई हुई है।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।