मुद्दैना रुपशाह विद्यालय में मेधावी व नियमित छात्रों का सम्मान।

Vijaydoot News

अजीतमल (औरैया)। ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुद्दैना रुपशाह में मेधावी छात्रों एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने हेतु एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिभावक संगोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा की गुणवत्ता एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक स्नेहलता अवस्थी द्वारा की गई तथा संचालन भी उनके द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष दीपक दुबे एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला उपाध्यक्ष ऋतुराज दुबे उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि दीपक दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन सभी विद्यालयों में नियमित रूप से किए जाने चाहिए, जिससे बच्चों का उत्साहवर्धन होता है और वे पढ़ाई के प्रति अधिक प्रेरित होते हैं। उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन समय से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा दी।

इस दौरान शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थियों में कक्षा 1 के सत्यम, कक्षा 2 के देवराज, रुद्र शुक्ला व कनिष्का, कक्षा 3 के तनु शुक्ला, निशांत, आकृति, पीयूष, प्रिया व परिधि, कक्षा 4 के दीपाली व तेजस बाबू तथा कक्षा 5 के खुशबू, अनुष्का, कबीर, यश कुशवाहा, आकाश एवं अभिषेक शुक्ला को सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त विद्यालय के सबसे गरीब छात्र निस्का एवं दिव्यांग छात्रा दिव्या को प्रधानाध्यापक द्वारा ड्रेस प्रदान की गई, जिससे मानवीय संवेदनाओं का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत हुआ।

कार्यक्रम में शिक्षक नितिन दीक्षित, सीमा चौहान, सुरभि तिवारी सहित अनेक अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यालय परिवार ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी मजबूत करने का संदेश दिया।