नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने व दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में भेजा गया जेल।

Vijaydoot News

मीरजापुर। थाना कछवां पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने एवं दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को थाना कछवां में एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग बेटी को नामजद आरोपी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना कछवां में मु.अ.सं. 157/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसी क्रम में 5 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक महेन्द्र यादव ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी विश्वजीत उर्फ आर्यन पुत्र बसन्त पटेल, निवासी ग्राम भट्ठी, थाना लोहता, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया।

विवेचना के दौरान मामले में धारा 137(2), 87, 64(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।