रिपोर्ट: अभिनव अग्रवाल।
नजीबाबाद। नगर की गोविंद नगर कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही। कथा स्थल पर पूरे समय भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
कथावाचक पंडित भोले शंकर शास्त्री ने माता पार्वती की कठोर तपस्या एवं भगवान शिव से उनके दिव्य विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि भगवान शिव को प्राप्त करने के लिए माता पार्वती ने घोर तपस्या की थी। यह प्रसंग मानव जीवन में समर्पण, साधना और संयम के महत्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा और शक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना ही सच्चा धर्म और जीवन की सही दिशा है।
कथावाचक ने शिव परिवार की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान शिव का वाहन नंदी, माता पार्वती का वाहन सिंह, भगवान गणेश का वाहन मूषक तथा भगवान कार्तिकेय का वाहन मोर है। उन्होंने कहा कि भिन्न-भिन्न स्वभाव और विचारधाराओं के बावजूद परिवार में सामंजस्य बनाए रखने की प्रेरणा शिव पुराण से मिलती है।
कथा के दौरान श्रद्धालु दिव्य प्रसंगों का श्रवण कर भक्ति रस में सराबोर रहे। अंत में कथावाचक ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में सहभागिता कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अनुभा मित्तल, वंदना अग्रवाल, स्वीटी वाधवा, लवली कक्कड़, मधु घिल्डियाल, आशा अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, संगीता डावर, विजया अरोड़ा, पूनम अग्रवाल, पूजा मेहता सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।