प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ, अब स्मार्ट टीवी से होगी डिजिटल पढ़ाई।

Vijaydoot News

स्मार्ट क्लास से बच्चों को मिलेगा तकनीकी ज्ञान – खंड विकास अधिकारी

बलदेव (मथुरा)। विकासखंड बलदेव के प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर में आधुनिक शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। खंड विकास अधिकारी नेहा रावत ने फीता काटकर स्मार्ट टीवी आधारित कक्षा का उद्घाटन किया। इसके साथ ही विद्यालय के छात्र-छात्राएं अब डिजिटल माध्यम से अध्ययन कर सकेंगे और तकनीक आधारित शिक्षा का लाभ प्राप्त करेंगे।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा में तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को विषयों को समझने में आसानी होगी, उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी और सीखने की क्षमता का विकास होगा।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट टीवी के जरिए विज्ञान, गणित, सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न विषयों के वीडियो, एनिमेशन और इंटरैक्टिव शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरी विद्यालयों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने बताया कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चे केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि देश-दुनिया की नई जानकारियों से भी जुड़ सकेंगे। चित्रों और वीडियो के माध्यम से कठिन विषयों को सरलता से समझाया जा सकेगा, जिससे विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, रचनात्मक सोच, सामान्य ज्ञान और विद्यालय में उपस्थिति में भी सकारात्मक सुधार होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामवासियों ने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे अभिभावकों का सरकारी विद्यालयों के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।

इस अवसर पर बिंदु शर्मा, डॉ. ममता रानी, अचल कुमार, प्रेमचंद, पूजा रानी, अरुण कुमार, रविंद्र रावत, सुशेंद्र मित्तल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने किया।