चाय पर चर्चा में जुटे ग्राम प्रधान, विकास कार्यों में तेजी और जनहित के मुद्दों पर बनी रणनीति।

Vijaydoot News

विकास चौधरी की अगुवाई में आयोजित बैठक में सड़क, पेयजल, सफाई, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत पंचायतों के विकास पर हुआ मंथन

संतकबीरनगर/सेमरियावां। क्षेत्र के सामरिक हितों, ग्राम पंचायतों के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर खम्भरिया ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विकास चौधरी की अगुवाई में उनके कांटे स्थित आवास पर ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। चाय पर चर्चा के बीच आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान संघ ब्लॉक अध्यक्ष इनामुल्लाह खान ने की।

बैठक में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं उनके प्रतिनिधियों ने पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों, स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने तथा मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

चर्चा के दौरान सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं में सुधार को प्राथमिकता देने की बात कही गई। प्रधानों ने सुझाव दिया कि स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध ढंग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।

बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रभावी संवाद से ही ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं स्थायी समाधान संभव है।

ग्राम प्रधान संघ ब्लॉक अध्यक्ष इनामुल्लाह खान ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। उन्होंने सभी प्रधानों से जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए एकजुट होकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

अंत में खम्भरिया ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विकास चौधरी ने सभी ग्राम प्रधानों एवं पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयास, आपसी समन्वय और सकारात्मक सोच आवश्यक है। विचार-विमर्श और एकजुटता से ही पंचायतों की आवाज मजबूत होगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।