•डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रदान की डिग्री।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
आगरा/मथुरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के 92वें दीक्षांत समारोह में मथुरा के अमित शर्मा को अकाउंट एवं लॉ (कॉमर्स) विषय में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई। यह सम्मान उन्हें आगरा के खंदारी स्थित मंडपम में आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के करकमलों से प्राप्त हुआ।

दीक्षांत समारोह में 64 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 88 पदक प्रदान किए गए। पदक और उपाधियां प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उनके परिजनों एवं उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
अमित शर्मा वर्तमान में मथुरा के सेंट डोमिनिक स्कूल में इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को कॉमर्स विषय का अध्यापन कर रहे हैं। सेंट डोमिनिक स्कूल जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल है। अमित शर्मा वरिष्ठ पत्रकार एवं इरा इंडिया के प्रधान संपादक श्री माता प्रसाद शर्मा के सुपुत्र हैं।
समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के अध्यक्ष प्रो. पंकज अरोड़ा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय उपस्थित रहे। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को पदक एवं सम्मान प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।