मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तर पर वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए ओटीडी सेल (वन ट्रिलियन डॉलर सेल) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद के आर्थिक, औद्योगिक, कृषि एवं पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में बताया गया कि ओटीडी सेल द्वारा कृषि एवं औद्यानिक फसलों के उत्पादन और उत्पादकता, दुग्ध उत्पादन तथा दुग्ध प्रसंस्करण की नियमित समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन, स्वीकृतियों की स्थिति, नई इकाइयों की स्थापना एवं उनके संचालन तथा संबंधित अधिनियमों के अंतर्गत पंजीकरण की प्रगति पर भी नजर रखी जाएगी।
सेल द्वारा राजमार्गों, विद्युत ग्रिड, लॉजिस्टिक्स हब, विशेष निवेश क्षेत्र, औद्योगिक क्षेत्र, टाउनशिप तथा प्लेज पार्क जैसी आधारभूत संरचना परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उनका निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा हो सके।
बैठक में औद्योगिक विद्युत उपभोग, सौर ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति, जनपद से सॉफ्टवेयर निर्यात, विशेषकर एसटीपीआई के माध्यम से होने वाले निर्यात, तथा आईटी इकाइयों के पंजीकरण की समीक्षा पर भी बल दिया गया। इसके अलावा नए होटल एवं रेस्टोरेंट, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, वाणिज्यिक वाहनों के पंजीकरण तथा पीपीपी मॉडल पर निर्माणाधीन बस अड्डे की प्रगति की भी नियमित समीक्षा की जाएगी।
कौशल विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही जनपद में आने वाले घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या, पर्यटन स्थलों पर विकसित की जा रही सुविधाओं, पेट्रोल, डीजल एवं सीएनजी की बिक्री, जिला घरेलू उत्पाद (जीडीपी) से संबंधित संकेतकों तथा जिला अर्थव्यवस्था रिपोर्ट की तैयारी की भी नियमित समीक्षा की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजीव कुमार, उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह, सहायक श्रम आयुक्त एम.एल. पाल, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, उप कृषि निदेशक वसंत कुमार दुबे, जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन द्वितीय) सतेंद्र कुमार, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मयूरी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।