अंतरजनपदीय एफिसिएंसी रेस एवं शूटिंग प्रतियोगिता में मीरजापुर टीम अव्वल।

Vijaydoot News

डीआईजी ने विजेता-उपविजेता टीमों को शील्ड, पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

मीरजापुर। 29वीं अंतरजनपदीय एलार्म एफिसिएंसी रेस/शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का समापन पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर ने पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक की मौजूदगी में किया। इस दौरान विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड, पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रतिभागी पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया।

समापन समारोह की शुरुआत पुलिस अधीक्षक मीरजापुर द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद डीआईजी ने गार्द की सलामी ली।

प्रतियोगिता में वाराणसी जोन की सात टीमों—मीरजापुर, भदोही, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर, सोनभद्र और जौनपुर ने प्रतिभाग किया। एफिसिएंसी रेस प्रतियोगिता में मीरजापुर और गाजीपुर की टीमों ने हिस्सा लिया। दोनों टीमों ने प्रतियोगिता में निर्धारित कुल 10 बाधाओं को पार किया, जिसमें मीरजापुर की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

समापन अवसर पर डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड, पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से पुलिसकर्मियों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास होता है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी पुलिसकर्मियों ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।