प्रयागराज। संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश एवं जिला प्रशासन प्रयागराज की ओर से हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत चंद्रशेखर आजाद पार्क में देशभक्ति एवं लोकगीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन कलाकार प्रियंका चौहान ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों में देशभक्ति का भाव जागृत कर दिया।
प्रियंका चौहान ने देश के अमर जवानों को समर्पित देशभक्ति गीतों के साथ भावपूर्ण लोकगीत प्रस्तुत किए। ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’, ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा’, ‘सुनील भारत मां के बांके ललनवा’, ‘हर कर्म अपना करेंगे’, ‘ऐ वतन’ तथा ‘लागे सेन्हुरा से मटिया पियार’ सहित विभिन्न गीतों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। गीतों के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में ऑर्गन पर पवन, पैड पर अनूप और ढोलक पर प्रवीण ने संगत की। बाल कलाकार स्वास्ति गुप्ता एवं आकृति गुप्ता ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से खूब प्रशंसा बटोरी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा एवं गणमान्य नागरिकों के साथ क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी राकेश कुमार वर्मा, क्षेत्रीय उद्यान अधीक्षक कामता प्रसाद, शंभुनाथ श्रीवास्तव, मनोज सक्सेना, शैलेन्द्र गुप्ता सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।