बायोएनर्जी के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बना उत्तर प्रदेश : ए.के. शर्मा, निवेशकों से बोले- आइए और कहीं भी लगाइए अपना प्लांट।

Vijaydoot News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा, बायोएनर्जी, निवेश और नवाचार को नई गति देने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो (आईबीईटी एक्सपो)-2026 का मंगलवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में भव्य शुभारंभ हुआ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने देश-विदेश से आए विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों और प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बताया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश आज कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में देश में आगे है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, संपीड़ित जैव गैस (सीबीजी) उत्पादन और रिकॉर्ड विद्युत आपूर्ति के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश अब शांतिपूर्ण और व्यापार के अनुकूल राज्य के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।

ए.के. शर्मा ने देश-विदेश के निवेशकों और उद्योग जगत से उत्तर प्रदेश में निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा कि निवेशक प्रदेश में कहीं भी अपने संयंत्र स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निवेश के अनुकूल वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के निवेशकों के लिए भरोसेमंद निवेश गंतव्य के रूप में उभरा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बायोएनर्जी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था, गन्ना उत्पादन, कृषि अवशेष, जैविक अपशिष्ट और नगरीय ठोस कचरा बायोएनर्जी उत्पादन के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराते हैं। इन संसाधनों का वैज्ञानिक और तकनीकी उपयोग कर स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के साथ किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश स्वच्छ, हरित और सतत ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि नई ऊर्जा तकनीकों को प्रोत्साहन मिले, बड़े पैमाने पर निवेश आए, रोजगार के नए अवसर पैदा हों और पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक विकास को गति मिले।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अब आवश्यकता इस बात की है कि कचरे को समस्या के रूप में देखने के बजाय उसे ऊर्जा, रोजगार और आर्थिक विकास के अवसर के रूप में देखा जाए। सीबीजी, बायोगैस, बायोमास और कचरे से ऊर्जा बनाने वाली तकनीकें न केवल स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध करा सकती हैं, बल्कि कचरा प्रबंधन और चक्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर सकती हैं। बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों के कृषि अवशेषों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। इससे किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा करने और प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आईबीईटी एक्सपो जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन उत्तर प्रदेश की संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रदेश सरकार निवेश, तकनीक, नवाचार और उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश का लक्ष्य केवल ऊर्जा उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि नई ऊर्जा तकनीक, निवेश और नवाचार के क्षेत्र में भी देश का अग्रणी राज्य बनना है। बायोएनर्जी क्षेत्र में होने वाला निवेश प्रदेश के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल ने भी संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और बायोएनर्जी क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए निवेशकों और उद्योग जगत से प्रदेश में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

आईबीईटी एक्सपो-2026 का आयोजन 11 से 13 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा में किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देश-विदेश के निवेशक, विशेषज्ञ, तकनीकी संस्थान और उद्योग जगत के प्रतिनिधि एक मंच पर जुटे हैं।कार्यक्रम के दौरान ए.के. शर्मा ने फीता काटकर 150 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का शुभारंभ किया और उनका अवलोकन किया।

उन्होंने विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रदर्शित बायोएनर्जी, स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और नवाचार से जुड़े उत्पादों एवं समाधानों की जानकारी ली। इस अवसर पर मंत्री ने ‘भारत बायो एनर्जी कंपास’ नामक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। यह पहल बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े निवेशकों, उद्योगों, विशेषज्ञों और अन्य संबंधित पक्षों को एक मंच पर जानकारी और निवेश के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आईबीईटी एक्सपो-2026 उत्तर प्रदेश की कृषि शक्ति, जैविक संसाधनों और ऊर्जा संभावनाओं को आधुनिक तकनीक, निवेश और नवाचार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। आयोजन से प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की अतिरिक्त आय, ग्रामीण रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक विकास के नए अवसरों को गति मिलने की उम्मीद है।

—————-