रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस।।

Vijaydoot News

मथुरा। रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास एवं करियर जागरूकता के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रायोजक इनर व्हील क्लब डिस्ट्रिक्ट मथुरा रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर विद्यालय की निदेशिका श्रीमती लता गोयल, प्रधानाचार्य श्री राजेश कुमार शर्मा, जीएलए विश्वविद्यालय से श्री सिद्धार्थ पुन्नू, इनर व्हील क्लब डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. मनीषा बाजपेई, अध्यक्ष श्रीमती रेखा माहेश्वरी एवं सेक्रेटरी श्रीमती शिप्रा राठी ने किया।

मुख्य वक्ता श्री सिद्धार्थ पुन्नू ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया एवं सोशल चैटिंग की बढ़ती आदतों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि यदि जीवन में सफलता प्राप्त करनी है तो युवाओं को अनावश्यक डिजिटल लत से स्वयं को दूर रखते हुए अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना होगा। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अपनी अलग पहचान बनाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता एवं प्रतिभा के अनुरूप करियर का चुनाव करने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की करियर काउंसलिंग भी की गई।

प्रधानाचार्य श्री राजेश कुमार शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। सही मार्गदर्शन, सकारात्मक सोच एवं उचित अवसर मिलने पर युवा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा में विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने तथा भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में श्रीमती रेखा माहेश्वरी ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।