भुजैनी में गूंजे भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे, निकली भव्य तिरंगा यात्रा।

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। गंगा देवी कपिलदेव तिवारी पीजी कॉलेज, भुजैनी, संत कबीर नगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में राष्ट्रभक्ति एवं जनजागरूकता के संदेश के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सैकड़ों स्वयंसेवियों ने पूरे उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रगान एवं देशभक्ति के नारों के साथ हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर स्वयंसेवियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘अमर शहीदों का बलिदान याद रखेगा हिंदुस्तान’ जैसे गगनभेदी नारों से पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

यात्रा महाविद्यालय परिसर से निकलकर भुजैनी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरी। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को सदैव स्मरण रखना है। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को याद करना और उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

तिरंगा यात्रा के दौरान स्वयंसेवियों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम ने क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।