के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सात परीक्षा केंद्रों पर कुल 2318 अभ्यर्थी दो पालियों में बीएड प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होंगे। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि दोनों पालियों में परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पूर्व अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र की दो प्रतियां, एक अतिरिक्त पासपोर्ट आकार का फोटो तथा एक वैध पहचान पत्र अवश्य साथ लाएं। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक में जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, अपर उप जिलाधिकारी संजीव राय, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, समन्वयक प्रो. प्रताप विजय कुमार, उप नोडल समन्वयक प्रो. ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, प्राचार्य हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद सहित सभी केंद्र प्रतिनिधि, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं केंद्र पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।