के. एस. पाण्डेय पब्लिक एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति से सराबोर हुआ विद्यालय परिसर।

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। हरिहरपुर स्थित के. एस. पाण्डेय पब्लिक एकेडमी में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक तथा 313 खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी डॉ. अमरेंद्र पाण्डेय द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया और भारत माता के जयकारों से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताएं, भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की झलक दिखाई दी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. अमरेंद्र पाण्डेय ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान बलिदानों की याद दिलाता है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र में सांस ले रहे हैं। विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता तथा डिजिटल और आर्थिक प्रगति के संकल्प को मिलकर आगे बढ़ाना होगा। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से भी समृद्ध होना चाहिए।

विद्यालय की प्रबंध निदेशिका श्रीमती हर्षिता पाण्डेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्र के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर देश और समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के सह-निदेशक आलोक पाण्डेय ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा का संकल्प लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान विद्यालय परिवार में उल्लास और देशभक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया। के. एस. पाण्डेय पब्लिक एकेडमी का यह स्वतंत्रता दिवस समारोह विद्यार्थियों में देशप्रेम एवं राष्ट्रीय चेतना का संदेश देते हुए यादगार बन गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शत्रुजीत राय, रामाज्ञा यादव, मनोज शुक्ला, आरिफ खान, उत्कर्ष राय, सूरज, मोहन, दिलीप कुमार, नागेन्द्र यादव, अभिनव यादव, राहुल राय, शिवेंद्र पाण्डेय, शुभम मधेशिया, अंकित श्रीवास्तव, सरिता त्रिपाठी, सविता श्रीवास्तव, कविता प्रजापति, श्वेता तिवारी, सीमा गौंड, मुस्कान गुप्ता, सोनी यादव, आंशिका यादव, हिमांशी, श्रेया, माया, प्रिया, नेहा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।