संस्कृति विवि में मना ‘तीज उत्सव’, शुभांगी बनीं ‘तीज क्वीन’

Vijaydoot News

मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय के संतोष मेमोरियल ऑडिटोरियम में हरियाली तीज के पावन अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं ‘तीज उत्सव’ का आयोजन अत्यंत उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ किया गया। भारतीय परंपरा, आधुनिकता और नारी शक्ति के इस अनोखे संगम में विश्वविद्यालय परिवार की महिला संकाय सदस्यों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने इस अवसर पर भारतीय संस्कृति में तीज पर्व के महत्व तथा नारी शक्ति के सामर्थ्य पर प्रकाश डाला। उनके इस संबोधन ने सभी उपस्थित महिलाओं में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्रीमती अभिनेत्री चेट्टी जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया।कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ डीन एकेडमिक्स डॉ. रेनू गुप्ता द्वारा सीईओ महोदया के भावभीने स्वागत और सम्मान के साथ हुआ।

संतोष मेमोरियल ऑडिटोरियम के मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। डॉ. गरिमा गोस्वामी द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज हुआ। डॉ. रीना रानी ने शानदार पारंपरिक प्रस्तुति देकर भारतीय लोक-संस्कृति के रंगों को जीवंत कर दिया। सुश्री रितिका ने अपनी सुरीली आवाज में गीतों की मनभावन प्रस्तुति देकर सभी की तालियाँ बटोरीं।

डॉ. अनुपम एवं अन्य प्रतिभागियों ने भी एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।रेडियो सिटी के एंकर शिवम ने अपनी वाकपटुता और मनोरंजक खेल गतिविधियों से पूरे सभागार को थिरकने और हंसने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद रैंप वॉक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और पारंपरिक परिधानों में अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में ओपन डीजे की धुनों पर सभी ने जमकर नृत्य किया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता के विभिन्‍न चरणों और जजों के निर्णय के आधार पर श्रीमती शुभांगी सक्सेना (सहायक प्रोफेसर, होटल मैनेजमेंट, संस्कृति विश्वविद्यालय, मथुरा) को ‘तीज क्वीन’ घोषित किया गया। सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने उन्हें ‘तीज क्राउन’ पहनाकर और सम्मान देकर ताजपोशी की।

कार्यक्रम का समापन ग्रुप फोटोग्राफी और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस पूरे आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर को तीज के पारंपरिक और उल्लासपूर्ण रंगों से सराबोर कर दिया।
कुशल समन्वय और मंच संचालन
इस भव्य आयोजन का सफल एवं सुचारू समन्वय डॉ. दुर्गेश वाधवा तथा एओ विवेक सर के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। मंच संचालन की कमान स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म (होटल मैनेजमेंट) की सहायक प्रोफेसर श्रीमती शुभांगी सक्सेना और रेडियो सिटी के प्रसिद्ध एंकर शिवम ने संयुक्त रूप से सँभाली। दोनों एंकरों की जुगलबंदी और वाकपटुता ने पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों को बांधे रखा।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।