रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। देश की आज़ादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के पश्चात जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यक्षेत्र में अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करना चाहिए। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर आयोजित मैराथन दौड़ में विजयी प्रतिभागियों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल स्वस्थ शरीर के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं।