रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मथुरा रिफाइनरी में राष्ट्र प्रेम की भावना को बढ़ावा देते हुए 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े जोश एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, श्री मुकुल अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, मथुरा रिफाइनरी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के साथ की गयी। इसके उपरांत श्री मुकुल अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया एवं राष्ट्रगान गाया गया।



इस अवसर पर मथुरा रिफाइनरी के सभी मुख्य-महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, कमांडेंट (सीआईएसएफ), ऑफिसर्स एसोसिएशन व कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि, कई गणमान्य अतिथि, सरपंच, पार्षद व प्रबुद्धजन के अलावा बड़ी संख्या में इंडियन ऑयल परिवार के सदस्य व बच्चे भी उपस्थित थे। श्री अग्रवाल ने परेड का निरीक्षण किया और जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपनी विविधता का सम्मान करते हुए राष्ट्र की एकता को बढ़ावा देना है और वर्ष 2047 तक अपने राष्ट्र को ‘विकसित भारत’ बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्य करना है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दीर्घ सेवा पुरस्कार, प्रतिभा सम्मान पुरस्कार, सामूहिक उपलब्धि पुरस्कार और कर्मचारियों को उनके बेहतरीन कामों के लिए विशेष प्रशंसा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। डीपीएस एवं केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और सीआईएसएफ जवानों ने डॉग शो और सिक्योरिटी ड्रिल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।