एमडी जैन पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित।

Vijaydoot News

कोसीकलां। एमडी जैन पब्लिक स्कूल एवं श्रीमहावीर दिगम्बर जैन पूर्व माध्यमिक विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय अध्यक्ष सुभाष चंद्र जैन लोहे वाले, विजय कुमार जैन सर्राफ एवं उपाध्यक्ष पदमचंद जैन ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद मां शारदे के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम को गति प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

पुरस्कार वितरण समारोह में कक्षा 10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली भावना, द्वितीय गौरी एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कार्तिक को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को आगामी कक्षा के लिए पूर्ण शुल्क माफी तथा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को अर्ध शुल्क माफी प्रदान की गई।

कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में विद्यालय टॉप करने वाले जनक चौधरी को ₹3100 का पारितोषिक दिया गया। द्वितीय स्थान रवीना एवं तृतीय स्थान यश अग्रवाल ने प्राप्त किया। वहीं कक्षा 12 कॉमर्स वर्ग में गोपाल ने प्रथम, नीतू ने द्वितीय और खुशी जादौन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 8 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले हिमांशु गर्ग को आगामी कक्षा के लिए पूर्ण शुल्क माफी प्रदान की गई। योग विषय में 100 अंक प्राप्त करने वाली सिमरन एवं पूनम, एफएनडी विषय में 99 अंक प्राप्त करने वाली रवीना तथा योग एवं एफएनडी में 99 अंक प्राप्त करने वाले सुभम सिंघल को ₹1100 प्रति विषय के हिसाब से पारितोषिक प्रदान किया गया।

उत्कृष्ट परिणाम देने वाले अध्यापक यशवीर सिंह एवं श्रीमती दर्शन चौधरी को भी ₹3100-₹3100 का पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अन्य कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

अतिथियों का किया सम्मान

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष कमल किशोर वार्ष्णेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष कोसीकलां सौरभ जैन एवं मनोनीत सभासद नगर पालिका कोसीकलां श्वेता जैन का प्रबंध समिति द्वारा माल्यार्पण, पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में कमल किशोर वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों को देश की वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराते हुए राष्ट्रहित और देशप्रेम की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। सौरभ जैन ने विद्यार्थियों को ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रबंधक कैलाश चंद जैन चंदोरिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से देश के प्रति प्रेम, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में सुभाष चंद जैन लोहे वाले ने विद्यार्थियों को देशभक्ति से प्रेरित करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के बलिदान से अवगत कराया तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार शर्मा ने अतिथियों, प्रबंध समिति एवं उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए सदैव जागरूक रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में प्रबंध समिति के संरक्षक ओमप्रकाश जैन पेट्रोल पम्प वाले, राजेंद्र प्रसाद जैन किताब वाले, सतीश चंद जैन, गिरीश जैन, धर्मचंद जैन सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।