रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। विकासखंड नंदगांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला जरैला में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गगनभेदी देशभक्ति नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) कल्लू खान, प्रधानाध्यापक त्रिलोक चंद्र दुबे एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ की मौजूदगी में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और ओजस्वी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उनकी प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
इसके बाद छात्रों ने नगला जरैला की गलियों में प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाकर ग्रामीणों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। विद्यालय लौटने के बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कल्लू खान, प्रधानाध्यापक त्रिलोक चंद्र दुबे एवं वरिष्ठ सहायक अध्यापक आसिफ अख्तर ने स्वतंत्रता दिवस और अमर शहीदों के बलिदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों की स्मृतियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक देवेन्द्र कुमार ने किया, जबकि अध्यक्षता बीडीसी कल्लू खान ने की। इस अवसर पर सहायक अध्यापक आसिफ अख्तर, देवेन्द्र कुमार, सुमन वर्मा, राधा शर्मा, हेमंत कुमार, सुधा यादव, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बविता, आबिदा व हसीना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर अक्षयपात्र संस्था की ओर से उपलब्ध कराए गए बिस्कुट एवं पॉपकॉर्न तथा विद्यालय परिवार की ओर से बूंदी का वितरण किया गया।